प्रतापपुर। 24 अगस्त।
सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए 46 वर्षीय आरोपी रामचंद्र पैंकरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने विवाद के दौरान युवक के सिर पर हथौड़े से गंभीर वार कर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त हथौड़ा भी बरामद कर लिया है।
ज्ञात हो कि यह पूरा मामला तब सामने आया जब प्रतापपुर मिशन चौक के पास स्थित एक घर से लगातार तेज दुर्गंध आने लगी। पड़ोसियों को जब किसी अनहोनी की आशंका हुई तो घर का दरवाजा खोला गया। अंदर का दृश्य देखकर लोगों के होश उड़ गए। घर के भीतर शोभा राम का शव पड़ा था, जो कई दिनों से घर में रहने के कारण सड़-गल चुका था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले। घटनास्थल पर खून के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका को गंभीरता से लेते हुए जांच आगे बढ़ाई।
पुलिस जांच के मुताबिक हत्या 16 अगस्त को किए जाने की बात सामने आई है। करीब पांच दिन बाद 21 अगस्त को घर से बदबू आने पर लोगों को घटना की जानकारी मिली। इस वजह से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक और आरोपी के बीच पुराने विवाद की जानकारी मिली। बताया जा रहा है कि मृतक करीब 20 वर्षों से आरोपी के घर में बिना किराया दिए रह रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था।
पुलिस के अनुसार, इसी विवाद ने आखिरकार हिंसक रूप ले लिया और आरोपी ने कथित तौर पर हथौड़े से मृतक के सिर पर वार कर उसकी जान ले ली।
पुलिस ने संदेह के आधार पर रामचंद्र पैंकरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी द्वारा वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है। इसके बाद उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया हथौड़ा बरामद करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
Trending
- कोल इंडिया चेयरमैन ने किया एसईसीएल की गेवरा खदान का दौरा, ऑपरेटरों और श्रमिकों से की सीधी बातचीत
- महावीरपुर में जंगल किनारे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप
- वीसी और रजिस्ट्रार एक-दूसरे को बता रहे अयोग्य, कैसे संवरेगा विद्यार्थियों का भविष्य
- संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय द्वारा असाइनमेंट शुल्क में 400 से 500 रुपये तक की दी गई छात्रों को राहत, कुलपति ने लिया निर्णय
- पुलिस ने 800 मॉडिफाइड साइलेंसरों को रोड रोलर से कुचलवाया, मॉडिफाइड साइलेंसर बेचने वालों को सख्त कार्यवाही की दी चेतावनी
- Rihand Times 09-10-2026
- Rihand Times 08-10-2026
- आरोपियों को पकडने गई पुलिस टीम पर हमला, जान बचाकर भागे थानेदार, आरक्षक को पंचायत भवन में बंधक बनाकर पीटा

