सूरजपुर। जिले के जयनगर और विश्रामपुर थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर अंधे कत्ल की गुत्थी को सूरजपुर पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने महज कुछ ही दिनों के भीतर तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी प्रवेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पैसों की लालच में शिक्षिका और उसके नाबालिग बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी थी और शवों को अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया था।
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को महाबीरपुर कोरयाबारी नर्सरी जंगल के पास नाली में एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी, जिसकी पहचान सुजल बरेठ के रूप में हुई। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने पर जयनगर थाने में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान यह पता चला कि मृतक की मां और शिक्षिका रजनी बरेठ भी विश्रामपुर स्थित अपने किराये के मकान से लापता हैं। पुलिस ने 11 अक्टूबर की रात मकान का ताला तुड़वाकर अंदर प्रवेश किया, जहां बाथरूम में शिक्षिका रजनी बरेठ का भी शव बरामद हुआ। गला दबाकर उनकी भी हत्या की गई थी, जिस पर विश्रामपुर थाने में भी हत्या का मामला दर्ज किया गया।

सरगुजा आईजी दीपक कुमार झा और एसपी योगेश कुमार पटेल के निर्देशन में गठित पुलिस टीम और साइबर सेल अम्बिकापुर ने मामले की गहन छानबीन शुरू की। शहर के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर मृतिका के मकान के पास एक संदिग्ध व्यक्ति काले रंग की टी-शर्ट और सफेद गमछा पहने नजर आया। एक अन्य फुटेज में विश्रामपुर के कार वॉसिंग सेंटर पर एक कार को धुलवाने पहुंचे व्यक्ति का हुलिया इसी संदिग्ध से मिलता-जुलता पाया गया। कार नंबर के आधार पर मालिक की तलाश करते हुए पुलिस ने संदिग्ध प्रवेश कुमार को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी प्रवेश कुमार ने पूछताछ में बताया कि उसने मोटर्स-पार्ट्स के व्यवसाय के लिए 20 लाख रुपए का लोन लिया था और उसे भारी आर्थिक तंगी थी। उसे पहले से जानकारी थी कि शिक्षिका रजनी को 19 लाख रुपए का लोन मिलने वाला है और वह पैसा उसके खाते में आने वाला है। इसी लालच में 9 अक्टूबर की दोपहर वह मृतिका के घर पहुंचा। शाम को जब सुजल ट्यूशन चला गया, तब आरोपी ने घर में अकेले रजनी से पैसों की मांग की। मना करने पर उसने झूमा-झटकी कर स्टील के पानी की बोतल से उसके सिर पर वार किया। भागने की कोशिश करने पर उसने बाथरूम में पैर से गला दबाकर रजनी की हत्या कर दी।
इस घटना को मृतिका के बेटे सुजल ने देख लिया था, इसलिए आरोपी ने उसे भी रास्ते से हटाने की योजना बनाई। रात को सुजल के घर लौटने पर उसने बहाने से उसे कार में बैठाया और अम्बिकापुर ले जाकर मैगी खिलाई। इसके बाद राई जंगल के पास बाथरूम जाने के बहाने कार रोककर स्टोल से सुजल का गला कस दिया और सीमेंट के खंभे के टुकड़े से सिर व सीना पर वार कर उसकी भी हत्या कर दी। साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से उसने सुजल के शव को कालीघाट के पास फेंक दिया और खून से सनी कार की मैट को जलवा दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतिका के मोबाइल, सिम, आधार कार्ड, पैन कार्ड, चेक, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी, एटीएम कार्ड, सोने-चांदी के आभूषण के अलावा सुजल के दो मोबाइल, घटना में प्रयुक्त ग्रांड विटारा कार, स्टील की पानी की बोतल और हत्या में इस्तेमाल सीमेंट का टुकड़ा बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी प्रवेश उर्फ प्रवेश कुमार (36 वर्ष, निवासी हरियाणा, वर्तमान पता- चोपड़ा कॉलोनी विश्रामपुर) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस अंधे कत्ल के खुलासे में विश्रामपुर, जयनगर और झिलमिली थाना प्रभारियों सहित साइबर सेल की टीम की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही।
Trending
- शासकीय भूमि की कूटरचना कर निजी नाम पर दर्ज कराने का आरोप, पांच लोगों पर एफआईआर के निर्देश
- गजब की चोरी: चालू बिजली ट्रांसफार्मर ही उड़ा ले गए चोर
- सूरजपुर में डबल मर्डर का खुलासा: लोन के 19 लाख रुपए के लालच में शिक्षिका और उसके बेटे की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने माता हासी देवी के सम्मान में जारी किया 200 रुपए का स्मारक सिक्का
- Rihand Times 22-10-2026
- पेड़ से टकराई यात्री बस, मालिक और चालक की मौत, 24 यात्री घायल
- पुलिस के सिपाही और उसके साथी ने किया अपहरण, डेढ़ लाख फिरौती मांगने पर गिरफ्तार
- Rihand Times 21-10-2026

