गाजियाबाद (एजेंसी)। नगीना लोकसभा सीट से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद की कानूनी मुश्किलें बढ़ गई हैं। विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट ने एक पुराने आपराधिक मामले की सुनवाई के दौरान लगातार अदालत में पेश न होने पर कड़ा रुख अपनाया है। अदालत ने 17 नवंबर को हुई सुनवाई में सांसद की गैरहाजिरी पर सख्त संज्ञान लेते हुए उनके घर की कुर्की (धारा 82/83 के तहत कार्रवाई) का आदेश जारी कर दिया है। इस आदेश के बाद राजनीतिक और कानूनी गलियारों में हलचल तेज हो गई है, हालांकि इस मामले पर अभी तक चंद्रशेखर आजाद की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
यह पूरा प्रकरण साल 2018 में गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र स्थित वृंदावन गार्डन में एक शादी समारोह के दौरान हुई मारपीट और गाली-गलौज से जुड़ा है, जिसमें धर्मेंद्र कुमार शिकायतकर्ता हैं। इससे पहले भी इसी अदालत ने चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था और 17 नवंबर को उन्हें व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित रहने का निर्देश दिया था। बताया जा रहा है कि इस तारीख पर सांसद के खिलाफ आरोप तय (चार्ज फ्रेम) किए जाने थे, लेकिन वे एक बार फिर कोर्ट में पेश नहीं हुए। उनके अधिवक्ता की ओर से अदालत में हाजिरी माफी का प्रार्थना पत्र दाखिल करते हुए दलील दी गई कि सांसद मुंबई में संसदीय कार्यसमिति की एक पूर्व निर्धारित बैठक में व्यस्त होने के कारण उपस्थित नहीं हो सके हैं। इसके बावजूद अदालत ने सख्ती दिखाते हुए कुर्की का आदेश पारित कर दिया। अब इस मामले में अगली सुनवाई 8 दिसंबर को निर्धारित की गई है।
शिकायतकर्ता धर्मेंद्र कुमार के अनुसार, यह विवाद वर्ष 2018 में एक विवाह समारोह के दौरान शुरू हुआ था। धर्मेंद्र भी उस समारोह में शामिल होने गए थे, जहां चंद्रशेखर आजाद अपने समर्थकों के साथ पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद हथियारों को लेकर धर्मेंद्र ने कुछ सवाल पूछ लिए थे, जिस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। शिकायतकर्ता का दावा है कि इस दौरान चंद्रशेखर आजाद और उनके साथियों ने उसके साथ जमकर गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी भी दी। इसी घटना को लेकर धर्मेंद्र ने न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया था, जिस पर अब कोर्ट ने यह सख्त कदम उठाया है।
Trending
- फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों ने किया 23 लाख से अधिक का गबन, केस दर्ज
- बच्ची को कार में छोड़कर होटल में खाना खाते रह गए दंपति, कार चोरी कर 230 किमी दूर भाग गया चोर
- सांसद चंद्रशेखर को बड़ा झटका, कोर्ट से घर की कुर्की का आदेश जारी
- Rihand Times 19-11-2026
- Rihand Times 18-11-2026
- अम्बिकापुर-पत्थलगांव-सरडेगा नई रेल लाईन को केन्द्र सरकार ने विशेष परियोजना किया घोषित, राजपत्र में हुआ प्रकाशन
- किसान ने बोया धान, सर्वेयर ने लिख दिया धनिया, त्रुटि सुधरवाने के लिए भटक रहा किसान
- रायपुर के बाजारों में पहुंची पाकिस्तानी गोरी और चांदनी, 1.25 लाख का स्टॉक जब्त

