सूरजपुर। 13 जुलाई।
एसईसीएल भटगांव क्षेत्र अंतर्गत महान-3 परियोजना के जगन्नाथपुर-खड़गवां मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की स्थिति गंभीर होती जा रही है। खदान के मुख्य मार्ग के दोनों ओर भारी कोयला वाहनों की लंबी कतारें लगी रहने से सड़क संकरी हो गई है। ऐसे में आम लोगों, दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और अन्य राहगीरों को प्रतिदिन जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई है और किसी भी समय बड़े सड़क हादसे का कारण बन सकती है।
बारिश के मौसम में सड़क पर कीचड़, गड्ढे और फिसलन के कारण हालात और भी चिंताजनक हो गए हैं। भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क किनारे अव्यवस्थित खड़े ट्रकों के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती है, जिससे आमजन के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि खदान क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले सुरक्षा विभाग तथा संबंधित अधिकारी इस समस्या से भली-भांति अवगत होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। प्रतिदिन इसी मार्ग से परियोजना के अधिकारी, इंजीनियर, प्रबंधक एवं अन्य कर्मचारी खदान तक पहुंचते हैं, लेकिन सड़क पर व्याप्त अव्यवस्था और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि करोड़ों रुपये के कोयला उत्पादन और परिवहन के बीच आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता नहीं मिल रही है। सड़क पर अनियंत्रित ढंग से खड़े कोयला वाहनों के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है, जबकि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब तक कोई प्रभावी व्यवस्था दिखाई नहीं दे रही है।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि एसईसीएल प्रबंधन, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन संयुक्त रूप से इस समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। खदान क्षेत्र के बाहर भारी वाहनों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था, यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ करने तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में किसी संभावित बड़े हादसे से बचा जा सके।
फिलहाल जगन्नाथपुर-खड़गवां मार्ग की मौजूदा स्थिति यह संकेत दे रही है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो यह लापरवाही कभी भी किसी बड़े हादसे में बदल सकती है।
Trending
- CG:नवपदस्थ एसपी त्रिलोक बंसल (IPS) ने कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं से किये सौजन्य भेंट, कानून- व्यवस्था व समन्वय पर हुई चर्चा
- राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आठों आरोपियों की न्यायिक हिरासत 27 जुलाई तक बढ़ी
- नौगई तिहरे हत्याकांड की जांच करने घटनास्थल पर पहुंची सीबीआई की टीम
- विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने कार के लिये हत्या का लगाया आरोप
- सड़क पर कोयला वाहनों की कतार से हर पल मंडरा रहा हादसे का खतरा
- Rihand Times 13-07-2026
- बीपीसीएल की लापरवाही से बुझ गया घर का चिराग: युवक की मौत के बाद शव को सड़क पर रखकर लोगों ने किया प्रदर्शन
- शिक्षा का अधिकार प्रवेश प्रक्रिया पर सवाल, अंतिम सूची से 10 बच्चों के नाम गायब होने का आरोप


