नियमों पर उठे सवाल, अध्यक्ष और सीईओ के बयानों में भी दिखा विरोधाभास
सूरजपुर। 08 जुलाई।
जनपद पंचायत भैयाथान में पिछले लगभग छह माह से सामान्य सभा की बैठक आयोजित नहीं होने का मामला अब गंभीर चर्चा का विषय बन गया है।
पंचायत राज व्यवस्था के प्रावधानों के अनुसार सामान्य सभा का नियमित अंतराल पर आयोजन आवश्यक माना गया है। इसी बैठक के माध्यम से करोड़ों रुपये की लागत से संचालित सड़क, सीसी रोड, पुल-पुलिया, नाली, पंचायत भवन, आंगनबाड़ी भवन, स्कूल भवन, पेयजल योजनाएं, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा सहित अन्य विकास कार्यों की समीक्षा की जाती है। ऐसे में लगातार बैठक नहीं होने से यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि इन विकास कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, वित्तीय व्यय और विभागीय जवाबदेही की समीक्षा आखिर किस स्तर पर हो रही है।
लंबे समय से सामान्य सभा आयोजित नहीं होने के कारण जनपद पंचायत सदस्यों के अधिकार भी प्रभावित हो रहे हैं। इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं भी तेज हैं। लोगों का कहना है कि यदि सामान्य सभा समय पर होती तो विकास कार्यों की गुणवत्ता, लंबित भुगतान, विभिन्न योजनाओं की प्रगति, विभागीय कार्यों और जनहित के अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर खुलकर चर्चा होती। ऐसे में बैठक लगातार टलने से पारदर्शिता और जवाबदेही दोनों पर सवाल उठ रहे हैं।
इस संबंध में जब जनपद पंचायत अध्यक्ष सुलोचनी पैकरा से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि सामान्य सभा आयोजित कराने पर विचार किया जा रहा था। उनके अनुसार 8 अगस्त को बैठक प्रस्तावित थी, लेकिन मुख्य कार्यपालन अधिकारी के रायपुर जाने के कारण बैठक आयोजित नहीं हो सकी।
वहीं, जब इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार गुप्ता से जानकारी ली गई तो उन्होंने अलग स्थिति बताई। सीईओ ने कहा कि उनका रायपुर दौरा निरस्त हो गया है। साथ ही उन्होंने बताया कि सामान्य सभा अब तक आयोजित नहीं हो पाने का मुख्य कारण जनपद पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के बीच सहमति नहीं बन पाना है। उनके अनुसार दोनों की सहमति नहीं मिलने के कारण बैठक लगातार टलती रही और इसी वजह से सामान्य सभा आयोजित नहीं हो सकी।
अध्यक्ष और मुख्य कार्यपालन अधिकारी के बयानों में सामने आए इस विरोधाभास ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों का मानना है कि जिला प्रशासन को पूरे मामले का संज्ञान लेकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। यदि सामान्य सभा का आयोजन नियमानुसार नहीं किया गया है तो इसके कारणों की जांच कर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए तथा शीघ्र सामान्य सभा आयोजित कर विकास कार्यों की सार्वजनिक समीक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
Trending
- सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की गोल्डन ऑवर जान बचाने वाले नागरिकों को मिली 25-25 हजार रूपये की प्रोत्साहन राशि
- युवाओं का अद्भुत संकल्प, 22 दिन में 2200 किमी साइकिल चलाकर पहुंचेंगे तिरुपति बालाजी
- जनपद पंचायत भैयाथान में 6 माह से नहीं हुई सामान्य सभा की बैठक
- डूमरडीह के ग्रामीणों ने उदयपुर नगर पंचायत में शामिल होने का किया विरोध
- बैंड बाजा और बारात के साथ हुई मेंढक-मेंढकी की शादी
- विकास के बड़े-बड़े दावों के बीच कीचड़ में फंसा बचपन
- पहलगाम हमले में शामिल लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर जाकिर गनी शोपियां में ढेर
- महादेव ऐप का संचालक सौरभ चंद्राकर गिरफ्तार, फर्जी पासपोर्ट से ओमान पहुंचने का आरोप

