अच्छी बारिश की आस में जुटे सैकड़ों ग्रामीण
प्रतापपुर। 08 जुलाई।
छत्तीसगढ़ में सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकासखंड में बारिश की बेरुखी से चिंतित ग्रामीणों ने एक ऐसी अनोखी परंपरा निभाई, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। अच्छी वर्षा की कामना को लेकर खुंशी क्षेत्र में ग्रामीणों ने मेढक और मेढकी का पूरे रीति-रिवाज, बैंड-बाजा और बारात के साथ विवाह कराया। इस अनोखे आयोजन में आसपास के दर्जनों गांवों के लोग भी शामिल हुए और पूरे उत्साह के साथ इस परंपरा के साक्षी बने।
ग्रामीणों ने बताया कि यह परंपरा उनके पूर्वजों के समय से चली आ रही है। मान्यता है कि जब लंबे समय तक बारिश नहीं होती और सूखे जैसे हालात बनने लगते हैं, तब मेढक-मेढकी का विवाह कराने से इंद्रदेव प्रसन्न होते हैं और क्षेत्र में अच्छी वर्षा होती है।
इस अनोखे विवाह से पहले बाकायदा निमंत्रण दिया गया। फिर बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ बारात निकाली गई। ग्रामीणों ने नाचते-गाते विवाह स्थल तक बारात पहुंचाई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाजों के साथ मेढ़क और मेढ़की का विवाह संपन्न कराया गया। पूरे आयोजन के दौरान ग्रामीणों में उत्साह देखने लायक था।
विवाह में शामिल बुजुर्गों ने बताया कि जब भी क्षेत्र में बारिश कम होती है, गांव के लोग इस परंपरा का पालन करते हैं। उनका विश्वास है कि यह केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति सम्मान और सामूहिक एकजुटता का प्रतीक भी है।
इस अनोखे आयोजन को देखने के लिए आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने इस पारंपरिक आयोजन में भाग लिया। विवाह के बाद ग्रामीणों ने अच्छी बारिश और बेहतर फसल की कामना करते हुए इंद्रदेव से प्रार्थना की।
अब पूरे क्षेत्र की निगाहें आसमान पर टिकी हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनकी वर्षों पुरानी परंपरा और सामूहिक प्रार्थना रंग लाएगी तथा आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होगी, जिससे खेत-खलिहान फिर से लहलहा उठेंगे और किसानों के चेहरे पर मुस्कान लौट आएगी
Trending
- सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की गोल्डन ऑवर जान बचाने वाले नागरिकों को मिली 25-25 हजार रूपये की प्रोत्साहन राशि
- युवाओं का अद्भुत संकल्प, 22 दिन में 2200 किमी साइकिल चलाकर पहुंचेंगे तिरुपति बालाजी
- जनपद पंचायत भैयाथान में 6 माह से नहीं हुई सामान्य सभा की बैठक
- डूमरडीह के ग्रामीणों ने उदयपुर नगर पंचायत में शामिल होने का किया विरोध
- बैंड बाजा और बारात के साथ हुई मेंढक-मेंढकी की शादी
- विकास के बड़े-बड़े दावों के बीच कीचड़ में फंसा बचपन
- पहलगाम हमले में शामिल लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर जाकिर गनी शोपियां में ढेर
- महादेव ऐप का संचालक सौरभ चंद्राकर गिरफ्तार, फर्जी पासपोर्ट से ओमान पहुंचने का आरोप


