प्रतापपुर।
सूरजपुर जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार जारी है लगभग दो दिन पूर्व एक बार फिर हाथी ने खरसोता बीट अंतर्गत परमेश्वरपुर के समीप घने जंगल में रहने वाले पंडो जनजाति के एक ग्रामीण को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया हालाकि इसकी जानकारी लोगों को आज हुई जब कुछ लोग जंगल की ओर गये थे।
जानकारी के अनुसार मृतक ग्रामीण जंगल के भीतर झोपड़ी बनाकर अपने परिवार के साथ जीवनयापन कर रहा था। तड़के अचानक जंगली हाथी वहां पहुंच गया। ग्रामीण कुछ समझ पाता, उससे पहले ही हाथी ने उस पर हमला कर दिया। हमले में उसे संभलने तक का अवसर नहीं मिला और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। हाथी का गुस्सा यहीं नहीं थमा, उसने झोपड़ी को भी तहस-नहस कर दिया। कुछ ही मिनटों में परिवार का सहारा छिन गया और आशियाना भी उजड़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पंचनामा और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को तत्काल राहत के रूप में 25 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की गई तथा शासन के नियमानुसार आगे की सहायता राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विदित हो कि प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के जंगलों से लगे गांवों में इन दिनों हाथियों की लगातार आवाजाही बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि शाम ढलते ही लोग घरों से बाहर निकलने से डरते हैं। खेतों में काम करने और जंगल से लकड़ी, महुआ, तेंदूपत्ता तथा अन्य वन उपज संग्रह करने जाने वाले लोगों के सामने हर पल जान का खतरा बना रहता है। लगातार हो रही जनहानि से लोगों में भय और आक्रोश दोनों बढ़ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाथियों की गतिविधियों की जानकारी समय पर नहीं मिलती और न ही संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त निगरानी की व्यवस्था है। ग्रामीणों ने मांग की है कि हाथियों की नियमित मॉनिटरिंग, समय पर अलर्ट, प्रभावित गांवों में रात्रि गश्त, हाथी मित्र दल की सक्रियता और स्थायी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह की त्रासदी का सामना न करना पड़े।
इस ताजा घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर वनांचल में लगातार बढ़ रहे हाथी-मानव संघर्ष पर प्रभावी नियंत्रण कब होगा। जब तक ठोस और स्थायी कदम नहीं उठाए जाते, तब तक निर्दोष ग्रामीणों की जान जोखिम में बनी रहेगी और ऐसे हादसे दोहराते रहेंगे।
Trending
- आज का राशिफल: बुधवार को इन राशियों को मिलेगी अच्छी खबर,जानें किसकी चमकेगी किस्मत और कैसा रहेगा दिन
- कब्र खोदकर निकाला गया शव, परिजनों ने हत्या का जताया संदेह
- वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव के संघर्ष, मेहनत और हौसलें का फल है ‘सिल्वर मेडल’…
- मोबाइल दुकान संचालक का था महामाया पहाड़ में मिला कंकाल
- जंगल में झोपड़ी बनाकर रह रहे ग्रामीण को हाथी ने कुचला
- Rihand Times 27-07-2026
- हाई पावर्ड टास्क फोर्स का गठन: CM साय ने केंद्र का जताया आभार
- महामाया पहाड़ में मिला मानव कंकाल, पुलिस जांच में जुटी

