अम्बिकापुर। 05 अक्टूबर। रिहन्द टाइम्स। धोखाधड़ी और षड्यंत्र रचकर अवैध तरीके से जमीन की रजिस्ट्री कराने वाले जमीन के दो दलालों को सरगुजा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में रघुनाथपुर चौकी पुलिस ने यह कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से जमीन के मूल रजिस्ट्रेशन पेपर सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकाराी के अनुसार ग्राम उचडीह निवासी मंगली बाई अपनी खसरा नंबर 29/2 एवं 61/2 की भूमि बेचने की इच्छुक थीं। इसी बीच आरोपी रंजय कुमार जायसवाल ने मध्यस्थ छेरतु यादव के जरिए उनसे संपर्क किया और 10 लाख रुपये में सौदा तय किया। 29 जुलाई 2026 को आरोपी प्रार्थी और उसके पुत्र को झांसा देकर अम्बिकापुर रजिस्ट्री कार्यालय ले गया, जहां उसने कागजातों पर हस्ताक्षर करवा लिए और रकम घर पर देने का झूठा भरोसा दिया। छल-कपट करते हुए आरोपी ने तय जमीन के बजाय पीडि़ता की मंदबुद्धि रिश्तेदार और उसके बेटे के नाम दर्ज अन्य कीमती जमीनों की रजिस्ट्री अपनी पत्नी के नाम करा ली और कोई भी राशि का भुगतान नहीं किया। इस मामले का खुलासा होने पर पुलिस ने धारा 318(4), 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध लकड़ी परिवहन करते ट्रैक्टर-ट्रॉली और पिकअप जब्त
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी रंजय कुमार जायसवाल और उसके साथी अमरसाय मानिकपुरी द्वारा गंगापुर निवासी धनेश्वरी पनिका के साथ भी इसी प्रकार षड्यंत्र रचकर धोखाधड़ी करने का पता चला, जिस पर अपराध क्रमांक 230/26 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। एसएसपी के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी रंजय कुमार जायसवाल (42 वर्ष, निवासी बटवाही) और अमरसाय मानिकपुरी (30 वर्ष, निवासी गंगापुर धनौलीपारा) को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, वहीं मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस संपूर्ण कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक आर एन पटेल सहित रघुनाथपुर पुलिस सक्रिय रही।

