अम्बिकापुर। 22 मार्च।
सरगुजा संभाग मुख्यालय अम्बिकापुर में स्थित संजय पार्क में आवारा कुत्तों के काटने से 15 हिरण की मौत का मामला सामने आया है। पार्क प्रबंधन तथा वन विभाग की लापरवाही सामने आने के बाद हर कोई हैरान है। 15 हिरणों के मौत की पुष्टि वन मंडल अधिकारी अभिषेक जोगावत ने भी की है। हिरणों की मौत के बाद पार्क प्रबंधन तथा वन अधिकारियों द्वारा चुपके से सभी मृत हिरणों को जला देने के भी आरोप लग रहे हैं।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए डीएफओ ने बताया कि घटना दो दिन पूर्व की है। जब रात के समय पार्क से लगे जंगल क्षेत्र मेें कुछ आवारा कुत्ते पार्क में आ गये तथा हिरण के बाड़े में घुस गये। कुत्तों द्वारा हिरणों को काटे जाने के बाद कर्मचारियों द्वारा सभी हिरणों को निगरानी में रखा गया था मगर कल सुबह लगभग 10.30 बजे तक 15 हिरणों की मौत हो गयी। उन्होनें बताया कि वन्य जीव विशेषज्ञों की उपस्थिति में सभी हिरणों का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें जलाने की कार्यवाही की गयी।

हिरण के बाड़े में आवारा कुत्तों के घुस जाने के सवाल पर उन्होनें कहा कि कहां चूक हुई है इसकी जांच के लिये अम्बिकापुर एसडीओ की अध्यक्षता में जांच दल का गठन किया गया है। इस घटना ेमें यदि किसी प्रकार की लापरवाही हुई है तो उसपर भी सख्त कार्यवाही की जायेगी।
तीन दिन बंद रहेगा पार्क
पार्क में हुई इतनी बड़ी घटना के बाद प्रबंधन द्वारा पार्क को मरम्मत व अन्य कार्यों के लिये आगामी तीन दिन तक बंद रखने का भी निर्णय लिया गया है।

