सूरजपुर। 28 नवम्म्बर।
जिले के प्रतापपुर क्षेत्र में संचालित अवैध जुए के कारोबार पर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने कड़ा रुख अपनाते हुए थाना प्रभारी समेत पांच पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बस स्टैंड के पास खुलेआम चल रहे जुए के फड़ पर जिला स्तरीय टीम की दबिश और इसमें स्थानीय पुलिसकर्मियों की कथित मिलीभगत सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। इस कार्रवाई के साथ ही स्थानीय निगरानी व्यवस्था और अवैध गतिविधियों को मिलने वाले संभावित संरक्षण को लेकर भी क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, कल 27 नवम्बर को प्रतापपुर बस स्टैंड के पास जुए का फड़ संचालित होने की सूचना पर जिला स्तरीय पुलिस टीम ने छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान मौके से 99 हजार 600 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, 7 मोबाइल फोन और कई वाहन जब्त किए गए। जांच पड़ताल में यह तथ्य सामने आने की बात कही गई है कि प्रतापपुर निवासी जयभगवान अग्रवाल स्थानीय पुलिस कर्मचारियों की कथित मिलीभगत से जुए का खेल संचालित कर रहा था। जुआ फड़ चलने के बावजूद स्थानीय स्तर पर प्रभावी कार्रवाई न होने और संबंधित पुलिसकर्मियों की संदिग्ध भूमिका पाए जाने पर एसपी ने तत्काल निलंबन का आदेश जारी किया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिन पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है, उनमें थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश पुरेना, उपनिरीक्षक विवेक खलखो, आरक्षक क्रमांक 618 राजेश तिवारी, आरक्षक क्रमांक 847 भीमेश आरमो और आरक्षक क्रमांक 698 राजकुमार पासवान शामिल हैं। निलंबन अवधि में सभी को जिला सूरजपुर के रक्षित केंद्र से संबद्ध किया गया है। आदेश के तहत निलंबन काल में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा, वहीं सक्षम अधिकारी की पूर्व लिखित अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने पर रोक लगाई गई है। सार्वजनिक और व्यस्त स्थान बस स्टैंड के ठीक पास बड़े पैमाने पर जुआ चलने की घटना ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

क्या राजनीतिक संरक्षण के साये में फल-फूल रहा था दो पत्ती का खेल?
प्रतापपुर में जुए के फड़ पर हुई कार्रवाई के बाद अब इस कारोबार के पीछे संभावित राजनीतिक संरक्षण को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आखिर बस स्टैंड जैसे प्रमुख स्थान पर जुए का कारोबार किसके भरोसे संचालित हो रहा था? यदि राजनीतिक संरक्षण की चर्चाएं क्षेत्र में उठ रही हैं तो पुलिस प्रशासन इन पहलुओं की भी निष्पक्ष जांच करने की आवश्यकता है।
प्रतापपुर में जुए के मामले में थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों पर तत्काल निलंबन की कार्रवाई हुई, वहीं रेवटी चौकी से जुड़े कथित वसूली के आरोपों पर अब तक कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में जहां एक ओर पुलिस कार्यवाही की लोग प्रशंसा कर रहे हैं तो वहीं रेवटी चौकी वाले मामले में लोगों के मन में कई तरह के सवाल भी उठ रहे हैं। अब निगाहें पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के अगले कदम पर टिकी हैं कि आगे क्या होगा।

