सूरजपुर। 13 जुलाई।
एसईसीएल भटगांव क्षेत्र अंतर्गत महान-3 परियोजना के जगन्नाथपुर-खड़गवां मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की स्थिति गंभीर होती जा रही है। खदान के मुख्य मार्ग के दोनों ओर भारी कोयला वाहनों की लंबी कतारें लगी रहने से सड़क संकरी हो गई है। ऐसे में आम लोगों, दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और अन्य राहगीरों को प्रतिदिन जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई है और किसी भी समय बड़े सड़क हादसे का कारण बन सकती है।
बारिश के मौसम में सड़क पर कीचड़, गड्ढे और फिसलन के कारण हालात और भी चिंताजनक हो गए हैं। भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क किनारे अव्यवस्थित खड़े ट्रकों के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती है, जिससे आमजन के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि खदान क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले सुरक्षा विभाग तथा संबंधित अधिकारी इस समस्या से भली-भांति अवगत होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। प्रतिदिन इसी मार्ग से परियोजना के अधिकारी, इंजीनियर, प्रबंधक एवं अन्य कर्मचारी खदान तक पहुंचते हैं, लेकिन सड़क पर व्याप्त अव्यवस्था और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि करोड़ों रुपये के कोयला उत्पादन और परिवहन के बीच आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता नहीं मिल रही है। सड़क पर अनियंत्रित ढंग से खड़े कोयला वाहनों के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है, जबकि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब तक कोई प्रभावी व्यवस्था दिखाई नहीं दे रही है।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि एसईसीएल प्रबंधन, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन संयुक्त रूप से इस समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। खदान क्षेत्र के बाहर भारी वाहनों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था, यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ करने तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में किसी संभावित बड़े हादसे से बचा जा सके।
फिलहाल जगन्नाथपुर-खड़गवां मार्ग की मौजूदा स्थिति यह संकेत दे रही है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो यह लापरवाही कभी भी किसी बड़े हादसे में बदल सकती है।
Trending
- Rihand Times 04-09-2026
- IndiGo फ्लाइट का ब्रेक सिस्टम फेल होने से पोल से टकराया
- छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर टाइगर की दस्तक से दहशत
- Rihand Times 02-09-2026
- Rihand Times 01-09-2026
- हथिनी कुंड बैराज पर स्पेशल फोर्स की ट्रेनिंग के दौरान हादसा, यमुना में बहे जवान, 3 रेस्क्यू, 2 लापता
- एनएचएआई टोल घोटाले पर ईडी का बड़ा एक्शन, देशभर में 14 ठिकानों पर छापेमारी
- छत्तीसगढ़ में फिर कोरोना की दस्तक, दो जिलों में मिले मरीज

