अम्बिकापुर। 09 अक्टूबर। बुलेट वाहन व अन्य दोपहिया वाहनों में नियमों के विपरीत साइलेंसर बदलकर पटाखे जैसी तेज एवं कर्कश आवाज निकालने वालों पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने अब तक जप्त किये गए 800 मोडिफाइड साइलेंसरों को आज रक्षित केन्द्र (पुलिस लाईन) रोड रोलर से कुचलवा दिया।
इस प्रकार की लगातार शिकायतें मिलने पर यातायात पुलिस एवं विभिन्न थानों/चौकियो द्वारा ऐसे मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार कार्यवाही करते हुए वाहनो से मोडिफाइड साइलेंसर निकलवाए गए थे, जब्त किए गए लगभग 800 अवैध मॉडिफाइड साइलेंसरों को आज रक्षित केंद्र अंबिकापुर में रोड रोलर चलवाकर पूरी तरह से नष्ट किया गया।
इसके साथ ही पुलिस ने चेतावनी दी कि वाहन कंपनियों द्वारा वाहन में लगाए गए मूल साइलेंसर में किसी भी प्रकार का बदलाव करना मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन है। इसके लिए वाहन चालकों पर भारी समन शुल्क की कार्यवाही के साथ-साथ प्रकरण को न्यायालय भी पेश किया जाता है। सरगुजा पुलिस द्वारा शहर के सभी ऑटो पार्ट्स संचालक, मैकेनिक और गैरेज स्वामियों कों हिदायत दी गई है कि यदि किसी दुकान पर वाहनों में अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर बेचते या लगाते पाया जाता है तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ भी अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

