अंबिकापुर। 30 जुलाई।
सरगुजा के लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसने सिस्टम को सवालों के घेरे में लिया है। दरिमा थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत रेवापुर, कदमपारा में सड़क के अभाव में चाकू से घायल एक युवक को ग्रामीणों ने खाट पर लिटाकर एक किलोमीटर सफर किया, इसके बाद सड़क मार्ग तक पहुंचे।
बताया जा रहा है कि, रेवापुर ग्राम के कदमपारा का सांप पकड़ने में माहिर हाबिल नामक युवक गुरूवार को सुबह करीब 7-8 बजे शराब के नशे में अपने पेट में चाकू मार लिया, जिससे खून निकलने लगा। आनन-फानन में स्वजन उसे ग्रामीणों के सहयोग से अस्पताल ले जाने की तैयारी में भिड़े। डॉयल 112 को सूचना दी गई, और गांव से करीब एक किलोमीटर के फासले पर डॉयल 112 की टीम फौरन पहुंच गई। सड़क मार्ग की कमी के कारण बस्ती तक वाहन का पहुंच पाना संभव नहीं था। ऐसे में ग्रामीण खाट में घायल को ढोकर सड़क तक लाए। इस घटनाक्रम का गांव के लोगों ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया था।
बताया जा रहा है कि, ग्राम रेवापुर के कदमपारा तक सड़क नहीं होने के कारण ऐसे हालात आए दिन बनते हैं। गांव के लोगों की मानें तो कदमपारा में सड़क की कमी यहां के लोगों के कारण ही बनी हुई है। वे स्वयं और गांव के लोगों को आने-जाने में दिक्कत न हो, सड़क निर्माण हो, इसके लिए अपने स्वामित्व की जमीन देना नहीं चाहते हैं। ऐसे में एंबुलेंस, सहित अन्य चारपहिया वाहनों का गांव तक पहुंचना नहीं हो पाता है। आपात स्थिति में मरीजों को खटिया पर लेकर गांव के लोग मुख्य मार्ग तक पहुंचते है। कई बार समय पर इलाज नहीं मिलने और प्रसव के हालत में महिलाओं को संस्थागत प्रसव का लाभ नहीं मिल पाने से हालत बिगड़ने जैसी स्थिति बन जाती है।
देखना होगा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि वायरल वीडियो के सामने आने के बाद सड़क निर्माण के लिए कितना गंभीर होते हैं। फिलहाल घायल युवक हाबिल का मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल अंबिकापुर में इलाज जारी है, और उसकी स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। भविष्य में ऐसा मामला सामने न आए और आपात स्थिति में मरीजों को खाट पर लादकर सड़क रोड तक न लाना पड़े, इसके लिए पहल की जरूरत है। कदमपारा के ग्रामीण भी पारा तक सड़क की सुविधा मिले, इसके इंतजार में हैं।
Trending
- चाकू से घायल युवक को एक किलोमीटर खाट में ढोकर चले ग्रामीण
- Rihand Times 30-07-2026
- सरकारी बस ड्राइवर के घर कहां से आया 28.50 करोड़ कैश और 15 किलो सोना?
- थाईलैंड में 3 इंडियन टूरिस्ट का अपहरण, आरोपी बोले – पाकिस्तानी के कहने पर किडनैपिंग की
- छात्र को दी मां की गाली लिखने की सजा फिर अभिभावक से मांगा उसपर हस्ताक्षर, मचा बवाल
- फरार गैंगस्टर सब्बीर आलम, पुत्र कामरान समेत 9 पर एक और एफआईआर दर्ज
- तेज बहाव में बहा 10 वर्षीय बालक, दूसरे दिन भी जारी रहा तलाशी अभियान
- Rihand Times 29-07-2026

