अंबिकापुर। 13 जुलाई।
सरगुजा जिला के कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुनिया में 23 वर्षीय विवाहिता मिनी यादव उर्फ पूजा संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर झूल गई। ससुराल पक्ष जहां इसे फांसी लगाकर खुदकुशी करना बता रहा है, वहीं मायके पक्ष के लोगों ने दहेज में कार की मांग को लेकर आये दिन मारपीट करने और हत्या के बाद फांसी का रूप देने का आरोप लगाया है।
नवविवाहिता की एक दुधमुही बच्ची है, जिसके सिर से मां का साया हट गया है। घटना के बाद नर्मदापुर स्वास्थ्य केंद्र में दोनों पक्षों में तनाव, मारपीट की स्थिति निर्मित हो गई थी जिसपर पुलिस को मध्यस्थता करनी पड़ी। फारेंसिक जांच कार्रवाई के बाद स्थिति तनावपूर्ण देखकर पुलिस ने मृतिका के शव को मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल अंबिकापुर भेज दिया था। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव मृतिका के स्वजन के सुपुर्द कर दिया है, और अग्रिम जांच कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, 11 जुलाई की रात करीब 8 बजे मिनी पति अनुज यादव अपने ससुराल घर के परछी में झूला झूलने के लिये लगे रस्सी के सहारे फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। पुलिस को ससुराल पक्ष के लोगों ने बताया है कि, घटना के समय घर में उसके सास-ससुर सहित अन्य परिवार के सदस्य थे, पति नहीं था। घटना के पहले मिनी रसोई में पकौड़ा बना रही थी, फिर उसका पता नहीं चला। जब वे खोजबीन में जुटे तो वह घर के परछी में फांसी पर लटके दिखाई दी। ससुराल पक्ष के लोग फांसी का फंदा काटकर उसे गांव के लोगों के सहयोग से आनन-फानन में नर्मदापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतिका के मायके पक्ष का कहना है कि घटना की सूचना उन्हें नहीं दी गई, जबकि उनकी बेटी के ससुराल और मायके की दूरी महज 50 मीटर है। बेटी के फांसी लगा लेने की खबर मिलने पर मायके पक्ष से पिता संजय यादव व मृतिका के भाई सहित अन्य स्वजन जब अस्पताल पहुंचे, तो मिनी की मौत का पता चला। घटनास्थल की स्थिति को देखने के बाद इन्होंने मृत्यु को लेकर संदेह जताया है। इनका कहना है कि दुधमुंही बच्ची को हमेशा सीने से लगाकर रखने वाली उनकी बेटी खुदकुशी जैसा कदम नहीं उठा सकती है। हत्या का आरोप लगने और चिकित्सकों की टीम के द्वारा जांच कराने की मांग पर मृतिका के शव को पोस्टमार्टम के लिये मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल अंबिकापुर लाया गया।
रविवार को पोस्टमार्टम पूर्व की प्रक्रिया में देर होने के कारण सोमवार को डॉक्टरों की टीम और मायके पक्ष की मौजूदगी में मृतिका के शव का पोस्टमार्टम हुआ। इसके पहले न्यायिक अधिकारी की उपस्थिति में मृतिका के शव की पंचनामा प्रक्रिया पूरी की गई थी। बड़ी बात यह है कि सोमवार को पोस्टमार्टम के दौरान ससुराल पक्ष से पति सहित परिवार के अन्य सदस्यों की अनुपस्थिति बनी रही।
Trending
- CG:नवपदस्थ एसपी त्रिलोक बंसल (IPS) ने कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं से किये सौजन्य भेंट, कानून- व्यवस्था व समन्वय पर हुई चर्चा
- राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आठों आरोपियों की न्यायिक हिरासत 27 जुलाई तक बढ़ी
- नौगई तिहरे हत्याकांड की जांच करने घटनास्थल पर पहुंची सीबीआई की टीम
- विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने कार के लिये हत्या का लगाया आरोप
- सड़क पर कोयला वाहनों की कतार से हर पल मंडरा रहा हादसे का खतरा
- Rihand Times 13-07-2026
- बीपीसीएल की लापरवाही से बुझ गया घर का चिराग: युवक की मौत के बाद शव को सड़क पर रखकर लोगों ने किया प्रदर्शन
- शिक्षा का अधिकार प्रवेश प्रक्रिया पर सवाल, अंतिम सूची से 10 बच्चों के नाम गायब होने का आरोप

