खैरागढ़। जिले के ग्राम दल्लीखोली, लछना के जंगल से सामने आए एक वायरल वीडियो ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। जंगल के भीतर एक जलस्रोत के पास बड़ी संख्या में पक्षियों और जंगली जानवरों के शव मिलने से वन विभाग भी अलर्ट हो गया है। मामला सामने आने के बाद मौत की वजह को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही है।
4 दोस्तों की मौत, खड़ी ट्रैक्टर में जा घुसी बाइक
दंतैल हाथी का आतंक, पटक-पटककर ग्रामीण की ली जान
चीन के कोयला खदान में ब्लास्ट, 90 की गई जान
जानकारी के मुताबिक वन्यजीव और प्रकृति प्रेमी मुकेश वर्मा दोपहर के समय बर्ड वॉचिंग और नेचर फोटोग्राफी के लिए दल्लीखोली के जंगल पहुंचे थे। जंगल में घूमने के दौरान उन्हें सबसे पहले एक Greater Racket-tailed Drongo मृत हालत में मिला। इसके बाद जब उन्होंने आसपास का इलाका देखा तो वे हैरान रह गए। जलस्रोत के आसपास कई पक्षी और जंगली जानवर मृत पड़े थे। मुकेश वर्मा ने पूरे घटना स्थल का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में पोस्ट किया।
वीडियो वायरल होते ही इलाके में सनसनी फैल गई। वायरल वीडियो में एक नर मोर, दो मादा मोर, तीन एशियन पाम सिवेट समेत कई पक्षियों के शव दिखाई दे रहे हैं। इनमें रुफस ट्रीपाई, ओरिएंटल मैगपाई रॉबिन, जंगल आउलेट जैसे पक्षी भी शामिल बताए जा रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि एक ही जगह इतने अलग-अलग वन्यजीव आखिर कैसे मरे। मुकेश वर्मा ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में आशंका जताई है कि जलस्रोत में किसी जहरीले रसायन या पदार्थ को मिलाया गया हो सकता है। माना जा रहा है कि पानी पीने के बाद इन बेजुबान जानवरों और पक्षियों की मौत हुई होगी। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम जांच में जुट गई है। विभाग फिलहाल जहरखुरानी, भीषण गर्मी और पानी की कमी, इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रहा है। मौके से पानी और अन्य सैंपल लिए गए हैं। मृत वन्यजीवों का पोस्टमार्टम कराए जाने की भी तैयारी की जा रही है, ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके।

