सूरजपुर में कबरा कान का आतंक, हाथियों के हमले में एक सप्ताह में 4 मौतें,
सूरजपुर/ जिले में हाथी-मानव द्वंद की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। जंगली हाथियों की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत है। पिछले करीब छह महीने से ‘कबरा कान’ नाम का हाथी क्षेत्र में आतंक का पर्याय बना हुआ है। इसके हमलों में कई लोगों की जान जा चुकी है। दीपावली की देर रात हाथियों के हमले में दो लोगों की मौत ने एक बार फिर वन विभाग की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, मृतकों में कृष्णा राजवाड़े (42), निवासी ग्राम श्यामनगर, थाना भटगांव, वन परिक्षेत्र प्रतापपुर और मटूलाल पिता लालसाय (38), निवासी सोनपुर सु पंडोपारा, करंजी चौकी क्षेत्र शामिल हैं। मटूलाल रात में अपने खेत में धान की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान आवारा पशुओं से फसल बचाने के दौरान हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनकी मौत हो गई।
एक सप्ताह में 4 मौतें, सालभर में दर्जनों लोगों ने गंवाई जान
हाथियों के हमलों से बीते एक सप्ताह में चार लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। वहीं पिछले एक साल के भीतर भी कई ग्रामीणों की जान जा चुकी है। प्रतापपुर और सूरजपुर वन परिक्षेत्र इस समस्या से सबसे ज्यादा प्रभावित बताए जा रहे हैं। हाथियों की आवाजाही गांवों के आसपास के अलावा एसईसीएल के ओपन कास्ट खदान क्षेत्रों में भी देखी जा रही है। हाल ही में कमलपुर के आसपास एसईसीएल के डंपिंग एरिया की पहाड़ी पर भी ‘कबरा कान’ हाथी की मौजूदगी देखी गई। इससे आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।

वन अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी उठ रहे सवाल
प्रतापपुर और सूरजपुर वन परिक्षेत्र में लगातार हो रही जनहानि के बीच संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर आरोप हैं कि हाथियों की निगरानी, ग्रामीणों को समय पर सूचना देने और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखाई दे रही है। सूरजपुर वन परिक्षेत्र में लंबे समय से एक ही अधिकारी की पदस्थापना को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। वहीं वन क्षेत्रों में अवैध कटाई, जमीन पर अतिक्रमण और कथित भ्रष्टाचार को लेकर भी शिकायतों की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।
ग्रामीणों का सवाल- क्या वन विभाग का काम सिर्फ मुआवजा बांटना रह गया?
हाथियों के हमले में किसी व्यक्ति की मौत के बाद पीड़ित परिवार को मुआवजा देना जरूरी है, लेकिन इससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सकता। ग्रामीणों का सवाल है कि जब हाथियों की आवाजाही की जानकारी पहले से मिल सकती है, तो गांवों में समय रहते चेतावनी देने की व्यवस्था क्यों नहीं है? खेतों में धान की रखवाली करने वाले किसानों के सामने भी संकट है। फसल बचाने के लिए रात में खेत जाना उनकी मजबूरी है, लेकिन हाथियों की मौजूदगी के कारण उनकी जान पर खतरा बना रहता है।

