प्रतापपुर। 17 जुलाई।
एक ओर छत्तीसगढ़ सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, ग्रामीण और आदिवासी अंचलों के बच्चों तक बेहतर शिक्षा पहुंचाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च करने का दावा कर रही है, वहीं प्रतापपुर विकासखंड के चंदौरा स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय की तस्वीरें इन दावों की हकीकत बयां कर रही हैं। यह विद्यालय अब शिक्षा का मंदिर कम और खंडहर अधिक दिखाई देता है। बरसात के मौसम में इसकी जर्जर छत, उखड़ती दीवारें और टूटते प्लास्टर हर पल किसी बड़े हादसे का संकेत देते नजर आते हैं। इसके बावजूद यहां 80 से अधिक मासूम बच्चे प्रतिदिन अपनी जान जोखिम में डालकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं।
विद्यालय भवन की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि पहली नजर में कोई भी इसे वर्षों से बंद पड़ा परित्यक्त भवन समझ बैठे। जगह-जगह दीवारों में दरारें, उखड़ा प्लास्टर, काई जमी दीवारें और कमजोर छत यह सवाल खड़ा करती हैं कि आखिर शिक्षा विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार क्यों कर रहा है? बरसात के दिनों में बच्चों और शिक्षकों के मन में हर समय यह भय बना रहता है कि कहीं भवन का कोई हिस्सा भरभराकर न गिर पड़े।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय की जर्जर स्थिति को लेकर कई बार शिक्षा विभाग और संबंधित अधिकारियों को मौखिक एवं लिखित रूप से अवगत कराया गया, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मरम्मत और भवन सुधार के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च होने के दावे किए जाते हैं, लेकिन इस विद्यालय की बदहाली देखकर सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर वह राशि कहां खर्च हुई? यदि कहीं कार्य हुए भी हैं तो उनका लाभ इस विद्यालय तक क्यों नहीं पहुंचा?
बताया जाता है कि विद्यालय भवन की स्थिति ऐसी है कि कई बच्चे भय के कारण स्कूल आने से भी कतराते हैं। जो बच्चे शिक्षा के प्रति गंभीर हैं, वे मजबूरी में इसी खतरनाक भवन में बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं।
चंदौरा का यह विद्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था की उपेक्षा का प्रतीक बनता जा रहा है। सरकारी योजनाओं और जमीनी हकीकत के बीच का अंतर यहां साफ दिखाई देता है। ग्रामीणों ने शिक्षा अधिकारियों से विद्यालय भवन का निरीक्षण कर तत्काल उचित सुधार कार्य अथवा कार्यवाही करने की मांग की है अन्यथा निकट भविष्य में किसी गंभीर हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता।
Trending
- दोस्ताना अंदाज में मिली PM मोदी-पुतिन-जिनपिंग की तिकड़ी
- 2.23 करोड़ का गांजा जब्त: ट्रक में गुप्त चेंबर बनाकर हो रही थी तस्करी
- Rihand Times 31-08-2026
- पंजाबी इंफ्लूएंसर मंजीत कौर को पेड़ से बांधकर लगाई आग
- कहर बनकर दौड़ा ट्रक: तीन बाइक सवारों की ले ली जान, चालक फरार
- Rihand Times 27-08-2026
- कानपुर में ट्रेनी विमान हुआ दुर्घटनाग्रस्त, गंगा बैराज के पास क्रैश; दोनों पायलटों की मौत
- पटवारी पर रॉड से हमला: पैसे लेने के साल भर बाद भी काम नहीं करने पर फूटा युवक का गुस्सा

