ओड़गी। 07 जुलाई।
सूरजपुर जिले के ओड़गी क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि भीषण गर्मी के दौरान बिजली लाइनों के रखरखाव और आवश्यक मरम्मत कार्यों की अनदेखी की गई, जबकि अब बरसात शुरू होते ही मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली आपूर्ति बंद रखी जा रही है। इससे क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था चरमरा गई है, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और रात के अंधेरे में सर्पदंश सहित अन्य दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली कटौती की कोई पूर्व सूचना नहीं दी जाती। कई बार सुबह से लेकर देर रात तक बिजली गुल रहती है, जिससे घरों के साथ-साथ छोटे व्यवसाय और दैनिक कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं। बरसात के मौसम में अंधेरा छा जाने से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीण कुंतेलाल यादव ने बताया कि बिजली बंद होने पर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क करना भी मुश्किल हो जाता है। शिकायत करने के बावजूद फोन नहीं उठाया जाता। कभी 33 केवी लाइन में फॉल्ट तो कभी आंधी-तूफान का हवाला देकर जिम्मेदारी से बचने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि यदि समय पर जानकारी और त्वरित सुधार हो तो लोगों की परेशानियां काफी कम हो सकती हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि क्षेत्र में नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, जर्जर और खराब विद्युत लाइनों का स्थायी समाधान किया जाए तथा शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए अधिकारी जनता से सीधे संवाद करें। लोगों का कहना है कि यदि स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और चक्का जाम जैसे कदम उठाने के लिए मजबूर होंगे।
इस संबंध में ओड़गी के कनिष्ठ अभियंता (जेई) सोहन कम्बाकर ने बताया कि कई बार सूरजपुर-भैयाथान से आने वाली मुख्य विद्युत आपूर्ति बाधित हो जाती है। जब वहां से सप्लाई बंद होती है, तब उसका सीधा असर ओड़गी क्षेत्र पर पड़ता है और लंबे समय तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहती है। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से मेंटेनेंस कार्य में किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है तथा अधिकांश व्यवधान मुख्य सप्लाई बंद होने के कारण उत्पन्न होते है।
Trending
- Rihand Times 04-09-2026
- IndiGo फ्लाइट का ब्रेक सिस्टम फेल होने से पोल से टकराया
- छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर टाइगर की दस्तक से दहशत
- Rihand Times 02-09-2026
- Rihand Times 01-09-2026
- हथिनी कुंड बैराज पर स्पेशल फोर्स की ट्रेनिंग के दौरान हादसा, यमुना में बहे जवान, 3 रेस्क्यू, 2 लापता
- एनएचएआई टोल घोटाले पर ईडी का बड़ा एक्शन, देशभर में 14 ठिकानों पर छापेमारी
- छत्तीसगढ़ में फिर कोरोना की दस्तक, दो जिलों में मिले मरीज

