बलरामपुर। 17 अगस्त। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर शहर के बीच स्थित अरविंद ज्वेलर्स में बीती रात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम देकर पुलिस के सामने चुनौती पेश की है। दुकान का शटर तोड़कर अंदर दाखिल हुए चोरों ने लाखों रुपये के चांदी के जेवरात को चोरी कर लिया है।
बताया जा रहा है कि चोरों ने पहले दुकान के शटर का ताला तोड़ा और इसके बाद दुकान के अंदर रखे चांदी के आभूषणों को चुराया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दुकान में लगे सीसीटीव कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि पुलिस को फुटेज के जरिए कोई सुराग न मिल सके।
अस्पताल प्रबंधक के खाते से दूसरे अस्पताल प्रबंधकों ने निकाल लिए 65 लाख रूपये, कोतवाली में हुई शिकायत
इस मामले में चोरी हुए चांदी के आभूषणों की वास्तविक मात्रा और कीमत के बारे में खुलासा नहीं हो सका है। दुकान संचालक द्वारा सामान का मिलान किए जाने के बाद ही चोरी की कुल रकम स्पष्ट होने की बात कही गई है। इस घटना ने वाड्रफनगर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आज सुबह घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम दुकान व आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

