अंबिकापुर। 14 अगस्त। अंबिकापुर स्थित बंधन बैंक शाखा के एक खाते से धोखाधड़ी कर 65 लाख रुपये की बड़ी राशि निकाले जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में नगर के एक अस्पताल के प्रबंधक ने नगर के ही तीन अस्पतालों के प्रबंधकों के विरूद्ध थाने में लिखित शिकायत कर कार्यवाही की मांग की है।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता डीएचटी केयर अस्पताल चोपड़ापारा के प्रबंधक स्तानिसलास टोप्पो ने कोतवाली थाना प्रभारी को लिखित शिकायत करते हुए बताया है कि उनका शहर के बंधन बैंक के शाखा में खाता है खाते से उनकी बिना जानकारी, सहमति और अनुमति के लगभग 65 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि निकाल ली गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि यह राशि सुशील कुमार राय तथा नवीन द्विवेदी प्रबंधक महावीर अस्पताल, गायत्री अस्पताल और ओजस अस्पताल द्वारा निकाली गई है। खाताधारक ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने इन व्यक्तियों को अपने खाते से किसी भी प्रकार के लेनदेन या राशि आहरण की कोई अनुमति नहीं दी थी।

पीड़ित ने आशंका जताई है कि उनके बैंक खाते, बैंकिंग दस्तावेजों और अन्य बैंकिंग माध्यमों का दुरुपयोग कर योजनाबद्ध तरीके से उनके साथ यह बड़ी आर्थिक धोखाधड़ी की गई है। शिकायतकर्ता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि बैंक से संबंधित अकाउंट स्टेटमेंट, ट्रांजेक्शन डिटेल्स, विड्रॉल स्लिप, सीसीटीवी फुटेज और केवाईसी दस्तावेजों को जांच में शामिल किया जाए। इसके साथ ही, संबंधित व्यक्तियों के सभी बैंक खातों और उनके वित्तीय लेनदेन की गहन जांच कर धोखाधड़ी की गई 65 लाख रुपये की राशि की बरामदगी व वापसी कराने का अनुरोध किया गया है।

