जान जोखिम में डालकर स्कूल पहुंच रहे मासूम, वायरल वीडियो ने खोली सिस्टम की पोल
प्रतापपुर।
एक ओर सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं प्रतापपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत बेकोना की तस्वीर इन दावों की हकीकत बयां कर रही है। यहां स्कूल जाने वाले मासूम बच्चे रोजाना कीचड़ और गहरे गड्ढों से भरी सड़क पर जान जोखिम में डालकर स्कूल पहुंचने को मजबूर हैं। बारिश के बीच इस बदहाल सड़क का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद अब जिम्मेदार विभाग और प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की हालत वर्षों से खराब है। बारिश शुरू होते ही पूरी सड़क दलदल में तब्दील हो जाती है। कई जगह पानी भर जाने से यह पहचानना मुश्किल हो जाता है कि सड़क कहां है और गड्ढा कहां। ऐसे में छोटे-छोटे बच्चे फिसलते हुए, कपड़े और जूते कीचड़ में सने हुए किसी तरह स्कूल पहुंचते हैं। कई बार बच्चे गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण और मरम्मत के लिए कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग को शिकायत दी गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला। धरातल पर आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वायरल वीडियो ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर विकास के नाम पर खर्च होने वाली करोड़ों की राशि का लाभ गांवों तक क्यों नहीं पहुंच पा रहा है?
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह केवल सड़क की समस्या नहीं, बल्कि बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। जब स्कूल जाने का रास्ता ही सुरक्षित नहीं होगा तो शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों की नियमित उपस्थिति पर भी सीधा असर पड़ेगा।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि सरकार की मंशा गांवों तक विकास पहुंचाने की है, लेकिन कई स्थानों पर अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों की लापरवाही से योजनाओं का अपेक्षित लाभ लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा। यदि समय पर सड़क की मरम्मत कराई जाती तो बच्चों और ग्रामीणों को इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।
Trending
- Rihand Times 04-09-2026
- IndiGo फ्लाइट का ब्रेक सिस्टम फेल होने से पोल से टकराया
- छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर टाइगर की दस्तक से दहशत
- Rihand Times 02-09-2026
- Rihand Times 01-09-2026
- हथिनी कुंड बैराज पर स्पेशल फोर्स की ट्रेनिंग के दौरान हादसा, यमुना में बहे जवान, 3 रेस्क्यू, 2 लापता
- एनएचएआई टोल घोटाले पर ईडी का बड़ा एक्शन, देशभर में 14 ठिकानों पर छापेमारी
- छत्तीसगढ़ में फिर कोरोना की दस्तक, दो जिलों में मिले मरीज

