अंबिकापुर।१५ अक्टूबर। रिहन्द टाइम्स।
सरगुजा जिले के दरिमा में बिजली विभाग में पदस्थ एक महिला अधिकारी ने विभाग में काम करने वाले एक ठेकेदार को 16 लाख की चपत लगा दी। काफी प्रयास के बाद भी जब ठेकेदार को रुपये वापस नहीं मिला तो वह पुलिस के शरण में पहुंचा। कोतवाली पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा के तहत महिला अधिकारी के विरूद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, दरिमा-रायगढ़ रोड निवासी प्रीतम गोयल पिता स्व. रतनलाल गोयल 32 वर्ष, बिजली विभाग में ठेकेदारी का भी काम करता है। बिजली विभाग का कार्य करने के दौरान वर्ष 2024 में उसका परिचय बिलिंग आदि कार्य के दौरान सीएसपीडीसीएल कार्यालय दरिमा में पदस्थ सहायक अभियंता रूपजिंदर कौर भल्ला से हुआ था। परिचय होने के बाद अधिकारी ने जरूरत बताते हुए 15 लाख रुपये ठेकेदार से मांगा, जिस पर प्रीतम गोयल में एकमुश्त इतनी राशि देने में अनभिज्ञता जताई। इसके बाद सहायक अभियंता ने ठेकेदार को दर्रीपारा में स्थित अपना मकान दिखाया और इसे बेचने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद 16 लाख रुपये में मकान का सौदा हुआ और पूरी रकम सहायक अभियंता ने प्राप्त कर ली।
रुपये देेने के बाद रजिस्ट्री की बारी आई तो टाल-मटोल की स्थिति बनने लगी। रिपोर्ट के मुताबिक, सहायक अभियंता रूपजिंदर कौर का स्थानांतरण रायपुर हो गया, जहां वह कार्यपालन अभियंता के पद पर पदस्थ हो गई। ठेकेदार ने कई बार रायपुर जाकर और संचार, चैट के माध्यम से मकान का रजिस्ट्री करा देने का आग्रह किया, लेकिन किसी प्रकार की संतोषप्रद जवाब नहीं मिल पाया।
अधिकारी की ओर से किसी प्रकार का सहयोग नहीं मिलने पर वह अंबिकापुर के गांधीनगर में स्थित बिजली विभाग के कार्यालय में जाकर वरिष्ठ अधिकारियों सहित अन्य से संपर्क किया तो पता चला कि जिस मकान का रजिस्ट्री कराने के लिए वह मकान स्वामी का चक्कर काट रहा है, उसे वह पहले ही बेच चुकी है। इसकी लिखित जानकारी ठेकेदार ने पुलिस को दी, जिस पर जांच के बाद पुलिस ने अधिकारी के विरूद्ध बीएनएस की धारा 318(4) का मामला दर्ज कर लिया है।
Trending
- बिजली विभाग की महिला अधिकारी ने ठेकेदार को लगाई 16 लाख की चपत
- Rihand Times 15-10-2026
- प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ताला बंद और डॉक्टर- नर्स गायब, अस्पताल के सामने प्रसव से नवजात की मौत
- शिक्षक को डरा धमकाकर पैसे मांगने वाले यूट्यूबर सहित तीन लोग चढ़े पुलिस के हत्थे
- एनएच-130 पर दुर्घटना प्रबंधन में लापरवाही, एनएचएआई ने रखरखाव एजेंसी पर लगाया 10 लाख का जुर्माना
- Rihand Times 14-10-2026
- महावीर हॉस्पिटल अम्बिकापुर का लायसेंस निलंबित
- मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े व उनके निज सहायक का व्हाट्सअप हुआ हैक, परिचितों को मैसेज भेजकर मांगे जा रहे पैसे

