अंबिकापुर। १२ नवम्बर। सरगुजा जिले में पटाखे ने एक मासूम की जान ले ली। दीपावली के मौके पर फोडऩे के लिए बच्चे के पिता ने पटाखा लाया था। जिसे बालक ने मुंह में दबाकर चबा लिया था मुंह के भीतर पटाखा फट जाने से डेढ़ वर्षीय बालक जख्मी हो गया था जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, वाहन चालक का काम करने वाला इंद्रजीत मांझी पिता रघुनाथ मांझी 26 वर्ष, सीतापुर थाना क्षेत्र के नवापारा का रहने वाला है। दीपावली के मौके पर वह स्वयं और बच्चे के फोडऩे के लिए पटाखा लेकर घर आया था। 09 नवंबर को सुबह 8.30 बजे उसके घर आंगन में परिवार के बच्चों के साथ उसका करीब दो वर्षीय मासूम पुत्र आदित्य भी आंगन में खेल रहा था। खेल-खेल में आदित्य एक लहसुन पटाखा को मुंह में डालकर चबाया जिससे पटाखा मुंह के अंदर ही फट गया।
कलेक्टर की अनुमति के बिना कर दी पुनर्वास के पट्टे की भूमि की रजिस्ट्री, उप पंजीयक को नोटिस जारी
इस घटना में उसके मुंह का ऊपर वाला नस जो होंठ और मुंह को जोड़ता है, कट गया, और मुंह से लगातार रक्तस्राव होने लगा। बच्चे के रोने, चिल्लाने की आवाज सुनकर माता-पिता और पास-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे, और बच्चे को लहूलुहान हाल में देखकर उनके होश उड़ गए। पूछताछ में बच्चों ने खेलते समय आदित्य के द्वारा लहसुन बम को मुंह में डालने की जानकारी दी। स्वजन बच्चे की स्थिति देखकर घबरा गए और उसे तुरंत सीतापुर शासकीय अस्पताल लेकर गए। यहां इलाज के बाद बच्चे के मुंह से खून का बहाव रुक गया और वे उसे वापस घर ले आए। रात में पुन: बच्चे की पीड़ा बढ़ गई और उसके मुंह से खून निकलने लगा।
दूसरे दिन 10 नवंबर को बच्चे को लेकर वे पुन: सीतापुर अस्पताल पहुंचे, लेकिन खून रुक-रुक कर निकल ही रहा था। मुंह से हो रहे लगातार रक्तस्राव के कारण शरीर में खून की मात्रा कम होते गई और उसकी हालत बिगडऩे लगी। हालत में सुधार नहीं होने पर 11 नवंबर को स्वजन बच्चे को लेकर होलीक्रॉस अस्पताल अंबिकापुर पहुंचे। यहां गंभीर स्थिति में चिकित्सक ने बच्चे को भर्ती करके इलाज शुरू किया, लेकिन मासूम के शरीर से काफी मात्रा में खून बह जाने के कारण रात में ही उसकी मृत्यु हो गई। इस घटना से मासूम की मां गायत्री का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक का माहौल है।

