रामानुजनगर।१५ अक्टूबर। रिहन्द टाइम्स।
प्रसवपीड़ा से तड़प रही महिला को लेकर जब परिजन पीएचसी सेंटर में पहुंचे तो वहां ताला लगा हुआ था चिकित्सक व नर्स दोनों मौजूद नहीं थे। ऐसे में महिला ने अस्पताल के सामने ही बच्चे को जन्म दे दिया परन्तु इस असुरक्षित प्रसव से नवजात की मौत हो गई। जिसके बाद आज सुबह घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरजपुर सीएमएचओ ने ग्रामीण चिकित्सा सहायक एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी तथा एएनएम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सूरजपुर जिले के रामानुजनगर विकासखंड अंतर्गत पवनपुर तलवापारा निवासी महिला पूजा सारथी 22 वर्ष को 14 अक्टूबर 2026 की रात प्रसव के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गणेशपुर लाया गया था। परिजनों का आरोप है कि उस समय स्वास्थ्य केंद्र में ताला लगा हुआ था और डॉक्टर तथा नर्स मौजूद नहीं थे। ऐसी स्थिति में अस्पताल के सामने ही प्रसव हुआ, जिसमें नवजात शिशु की मौत हो गई। प्रसूता की हालत भी बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई। इसके बाद परिजन आनन-फानन में प्रसूता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामानुजनगर लेकर पहुंचे, जहां उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ। घटना के बाद से परिजनों में आक्रोश व्याप्त है।
घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया। इस दौरान बीएमओ और डॉक्टर के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। प्रदर्शन के कारण क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई। सूचना मिलने पर एसडीएम मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सूरजपुर द्वारा इस मामले में ग्रामीण चिकित्सा सहायक एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी राजेश पटेल को प्रथम दृष्टया कार्य के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। इसके अलावा अस्पताल में पदस्थ एएनएम प्रमिला गिरी के भी निलंबन की कार्यवाही की गई है।
प्रशासनिक समझाइश और स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। ग्रामीणों की मांग थी कि घटना के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े।
Trending
- बिजली विभाग की महिला अधिकारी ने ठेकेदार को लगाई 16 लाख की चपत
- Rihand Times 15-10-2026
- प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ताला बंद और डॉक्टर- नर्स गायब, अस्पताल के सामने प्रसव से नवजात की मौत
- शिक्षक को डरा धमकाकर पैसे मांगने वाले यूट्यूबर सहित तीन लोग चढ़े पुलिस के हत्थे
- एनएच-130 पर दुर्घटना प्रबंधन में लापरवाही, एनएचएआई ने रखरखाव एजेंसी पर लगाया 10 लाख का जुर्माना
- Rihand Times 14-10-2026
- महावीर हॉस्पिटल अम्बिकापुर का लायसेंस निलंबित
- मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े व उनके निज सहायक का व्हाट्सअप हुआ हैक, परिचितों को मैसेज भेजकर मांगे जा रहे पैसे

