सूरजपुर (रामानुजनगर)। 23 जुलाई। सूरजपुर जिले के रामानुजनगर विकासखंड अंतर्गत ग्राम दवना में बुधवार को एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को शोकाकुल कर दिया। मां के निधन के कुछ ही घंटों बाद प्राथमिक शाला दवना के प्रधान पाठक रामधन साहू (52 वर्ष) का भी हृदयाघात से निधन हो गया। एक ही परिवार से कुछ घंटों के अंतराल में मां और बेटे की अर्थियां (Mother And Son died) उठने से गांव में गहरा मातम छा गया।
उफनते नाले के बीच किसान के कंधों पर स्कूल पहुंच रहे मासूम, प्रशासन है लाचार
घुनघुट्टा बांध में 90 प्रतिशत जल भराव के बाद खोले गए दो गेट
बुधवार सुबह रामधन साहू की वृद्ध मां की अचानक तबीयत बिगड़ गई जिसपर उन्हें अस्पताल ले जाने से पहले ही उनकी सांसे घर पर ही थम गई। मां के निधन से पूरा परिवार शोक में डूब गया और अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दी गईं। दोपहर के समय जब परिजन अंतिम यात्रा की तैयारी में जुटे थे और मां की अर्थी सज चुकी थी, तभी रामधन साहू की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने सीने में तेज दर्द और घबराहट की शिकायत की। परिजन तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस अप्रत्याशित घटना से परिवार सहित पूरे गांव में मातम छा गया। ग्रामीणों ने बताया कि जिस बेटे ने अपनी मां को अंतिम विदाई देने के लिए खुद को संभाल रखा था, उसे भी शायद यह आभास नहीं था कि कुछ ही देर बाद उसकी अपनी अंतिम यात्रा भी उसी दिन निकलेगी। एक ही आंगन से कुछ घंटों के भीतर मां और बेटे की दो अर्थियां उठने का दृश्य देखकर मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।

