विशाखापत्तनम/ भारतीय टीम भले ही न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त ले चुकी है, लेकिन टी20 विश्व कप से पहले उसके पास तैयारियां परखने के लिए दो ही मैच शेष हैं। भारत के लिए सबसे ज्यादा चिंता की बात संजू सैमसन की खराब फॉर्म है जो शुरुआती तीन मैचों में बड़ी पारी नहीं खेल सके हैं और जल्दी अपना विकेट गंवा रहे हैं। सैमसन को अगर विश्व कप के लिए एकादश में अपना दावा पुख्ता करना है तो उन्हें हर हाल में रन बनाने होंगे।
बेहतरीन फॉर्म में है भारत
इस सीरीज में भारतीय बल्लेबाजों ने धमाकेदार प्रदर्शन किया है। तीसरे मैच में तो भारत ने केवल 10 ओवर में ही जीत हासिल कर ली थी। अभिषेक ने 300 से अधिक के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं, जबकि सूर्यकुमार और किशन ने लगभग 230 के स्ट्राइक रेट को बनाए रखा है। भारत की बल्लेबाजी की आक्रामकता की बानगी पिछले दो मैच आंकड़े पेश करते हैं। भारत ने दूसरे और तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में क्रमशः 209 और 154 रन (कुल 363 रन) का पीछा करते हुए केवल 25.2 ओवर ही खेले। अगर विशाखापत्तनम की पिच की प्रकृति और ओस के प्रभाव पर ध्यान दें तो इस मैच की कहानी भी अलग नहीं होगी।
स्पिनरों का प्रदर्शन चिंता का विषय
भारत के लिए स्पिनरों का प्रदर्शन भी चिंता का विषय बना हुआ है। कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती अबतक उम्मीद के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। कुलदीप ने दो मैचों में केवल दो विकेट लिए हैं और वह प्रभावित करने में असफल रहे हैं। उन्होंने प्रति ओवर 9.5 रन लुटाए। पिछले मैच में भी कुलदीप ने तीन महंगे ओवर किए जिनमें उन्होंने 32 रन दिए। जसप्रीत बुमराह, रवि बिश्नोई और हार्दिक पांड्या की शानदार गेंदबाजी की बदौलत भारत ने कीवी टीम को नौ विकेट पर 153 रन पर रोक दिया था। कुलदीप इससे पहले वनडे सीरीज में भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए थे, जिसमें उन्होंने तीन मैचों में तीन विकेट लिए थे और प्रति ओवर 7.28 रन दिए थे।
वरुण को पिछले मैच में विश्राम दिया गया था, लेकिन पहले दो मैच में उनकी गेंदबाजी में वह धार नहीं दिखी जिसके लिए वह जाने जाते हैं। इस संदर्भ में भारत इस बात पर विचार करेगा कि क्या चौथे मैच में बिश्नोई को ही टीम में बनाए रखा जाए और कुलदीप को विश्राम देने के लिए उनकी जगह वरुण को वापस लाया जाए। भारत ऑलराउंडर अक्षर पटेल की फिटनेस पर भी कड़ी नजर रखेगा, क्योंकि अंगुली में चोट के कारण वह नागपुर में पहले मैच के बाद से नहीं खेल पाए हैं।
इस मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:
भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह/ हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती/रवि बिश्नोई।
न्यूजीलैंड: डेवोन कॉनवे, टिम सेफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चापमैन, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), जकारी फोल्क्स, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी, जैकब डफी।
Trending
- Rihand Times 03-03-2026
- Rihand Times 02-03-2026
- बेटे ने मां-बाप, बहन और दादी को कुल्हाड़ी से काट डाला, जमीन विवाद में की हत्या
- Rihand Times 01-03-2026
- विस्फोटक बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण ब्लास्ट, 17 लोगों की मौत, कई घायल
- ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई मारे गए, ईरानी मीडिया ने भी की पुष्टि
- Rihand Times 28-02-2026
- बोलिविया में सैन्य विमान क्रैश, 15 की मौत; दुर्घटना के बाद नोटों से पटी दिखी सड़क

