बिहारः बिहार में नालंदा ज़िले के शीतला मंदिर में मंगलवार को अचानक भगदड़ मच गई. इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है जबकि कई लोग घायल हुए हैं.
चश्मदीदों के मुताबिक पूजा के दौरान अचानक भगदड़ मच गई, जिससे अफ़रा-तफ़री का माहौल बन गया. घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
पीटीआई से बात करते हुए डॉ. बिस्वजीत ने कहा, “क़रीब 13-14 लोगों को अस्पताल लाया गया. आठ लोगों की मौत हुई है. बाकी का यहां इलाज चल रहा है. दो मरीज, जो गंभीर थे, उन्हें दूसरे अस्पताल रेफ़र किया गया है.”
कुवैत से केरल पहुंचा विमान, अंदर भरे थे 20 भारतीयों के शव
पाकिस्तान की गैस पाइपलाइन पर बड़ा अटैक, दहला पूरा इस्लामाबाद
पीएम मोदी ने साणंद में सेमीकंडक्टर प्लांट का उद्घाटन किया, ‘मेड इन इंडिया-मेक फॉर द वर्ल्ड’ का दिया मंत्र
एक प्रत्यक्षदर्शी ललित कुमार ने बताया, “आज महावीर जयंती और मंगलवार है, इसलिए वहां भारी भीड़ थी. बैरिकेड्स टूट गए और अचानक भगदड़ मच गई. लोग कह रहे हैं कि कुछ लोग कुचले गए हैं और मौतें हुईं…लोग यह भी कह रहे हैं कि वहां पुलिस मौजूद नहीं थी.” पटना से पहुंची एक महिला ने बताया, “हम अंदर तक नहीं पहुंच सके. वहां मौतें हुई हैं, जिसके बाद हमें बाहर भेज दिया गया. वहां लाठी चार्ज भी हुआ था” एक अन्य श्रद्धालु रीना राय ने बताया, “हमें पता चला कि कुछ लोग बेहोश हो गए हैं और कुछ अन्य घायल हैं. हमने कुछ मौतों के बारे में भी सुना. भगदड़ इसलिए हुई क्योंकि कोई भी कतार में नहीं रहना चाहता था और हर कोई दूसरों से पहले दर्शन करना चाहता था.यह चैत्र का आखिरी मंगलवार था.यह सब अव्यवस्था के कारण हुआ.” इस मामले में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क की कोशिश की गई लेकिन किसी से संपर्क नहीं हो सका.
मृतकों के आश्रितों को मुआवज़े का एलान
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने श्रद्धालुओं की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है.
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि ‘मृतकों के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग से 4-4 लाख रुपये और मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपये का अनुदान देने का निर्देश दिया गया है.’
मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है और घायलों के समुचित इलाज कराने का निर्देश दिया है.
बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर एक पोस्ट करते हुए इस घटना पर दुख जताया है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, “नालंदा स्थित माता शीतला मंदिर में भगदड़ की दुखद घटना अत्यंत ही पीड़ादायक है. इस हादसे में जान गंवाने वाले और घायल हुए सभी श्रद्धालुओं के परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदनाएँ प्रकट करता हूँ.”

