अंबिकापुर, 19 सितंबर। विजयदशमी (दशहरा) के कार्यक्रम को लेकर अब एक पखवाड़ा भी शेष नहीं है ऐसे में इस भव्य आयोजन के वर्षों से सह आयोजनकर्ता रहे नागरिक सेवा समिति के सदस्यों ने समिति की बैठक में अगले वर्ष से पृथक आयोजन करने का प्रस्ताव देकर हलचल मचा दी है।
विदित हो कि पिछले करीब तीन दशक से अधिक समय से सरगुजा जिले में रावण दहन का कार्यक्रम विशाल रूप से मनाया जा रहा है इस आयोजन को सरगुजा सेवा समिति, नागरिक सेवा समिति व जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से किया जाता रहा है परन्तु पिछले कुछ समय से सरगुजा सेवा समिति व जिला प्रशासन द्वारा नागरिक सेवा समिति के सदस्यांे को ना तो किसी आयोजन के बारे में सही समय पर जानकारी दी जा रही है और ना ही उन्हें किसी आयोजन का कोई प्रभार दिया जा रहा है वर्षों से साथ में मनाए जा रहे विजयदशमी के भव्य आयोजन में नागरिक सेवा समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों की उपेक्षा करने से समिति के पदाधिकारी व सदस्य नाराज हैं।
18 सितम्बर को नागरिक सेवा समिति की एक बैठक समिति के अध्यक्ष अजय अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई जिसमें समिति के कई सदस्यों ने यह कहा कि नागरिक सेवा समिति एक पंजीकृत समिति है ऐसे में विजयादशमी के कार्यक्रमों में उपेक्षा को लेकर सदस्यों ने अगले वर्ष से विजयदशमी कार्यक्रम सहित अन्य आयोजनों को पृथक से करने का प्रस्ताव रखा। जिसपर समिति के अन्य कुछ सदस्यों ने सहमति जताई परन्तु उक्त बैठक मे कई वरिष्ठ सदस्यों व पदाधिकारियों के शामिल नहीं हो पाने के कारण इस मुद्दे पर अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है और इसे अगली बैठक तक के लिए टाल दिया गया है।
इस संयुक्त आयोजन की दोनों समितियांे में एक सत्ता पक्ष व दूसरी विपक्ष के नेताओं की बहुलता वाली है अब तक कई मुद्दों पर अलग रहने वाले राजनैतिक दल के लोग विजयादशमी पर्व पर एकजुट रहते थे परंतु अब लग रहा है कि यहां भी मनमुटाव ने घर कर लिया है ऐसे में अगर इस मामले में अब सरगुजा सेवा समिति व जिला प्रशासन ने कोई पहल नहीं की तो अगले वर्ष से शहर में एक नहीं दो स्थानों पर रावण दहन का कार्यक्रम हो सकता है जिससे समाज में लोगों के बीच में भी गलत संदेश जाएगा। फिलहाल के लिए तो मामला अभी अटक गया है परन्तु अगली बैठक में इसपर फिर से विचार होगा जिसके बाद अंतिम निर्णय होगा।
अभी इस संबंध में केवल प्रस्ताव आया है इसपर कई वरिष्ठ सदस्यों के बैठक में उपस्थित नहीं होने के कारण निर्णय नहीं लिया गया है अगली बैठक में इसपर चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा।
अजय अग्रवाल
अध्यक्ष, नागरिक सेवा समिति
