सरगुजा जिले के बहुचर्चित रसूलपुर हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। अंबिकापुर के थाना कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मामले में शामिल चौथे मुख्य आरोपी अवकाश साव उर्फ आकाश गुप्ता को झारखंड के पलामू जिले के चैनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। 25 वर्षीय यह आरोपी खुटार खुर्द का निवासी है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल एक देशी पिस्टल, एक नया चाकू, छह जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
यह पूरी वारदात पारिवारिक रंजिश से जुड़ी हुई है। अंबिकापुर के रसूलपुर में 16 सितंबर 2026 की सुबह करीब 10:15 बजे तीन अज्ञात व्यक्ति किराए का मकान देखने के बहाने वसीरुद्दीन सिद्दीकी के घर दाखिल हुए थे। बातचीत के दौरान आरोपियों ने उन पर चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराए गए वसीरुद्दीन की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की बेटी सादिया शारीन सिद्दीकी का अपने पति मो. नाजिम शबा से कोर्ट में तलाक का केस चल रहा था, और पति द्वारा केस वापस न लेने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस, साइबर और फॉरेंसिक टीम ने तुरंत घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पूर्व में ही मुख्य साजिशकर्ता दामाद नाजिम शबा समेत कंचन कुमार और नेजारूउद्दीन उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। चौथे आरोपी अवकाश साव से पूछताछ के दौरान उसने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस टीम अब मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

