राजपुर। 16 अप्रैल।
सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा शासकीय महाविद्यालय राजपुर के एप्रोच रोड एवं नाली निर्माण कार्य के भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचीं। कार्यक्रम स्थल से महज 100 मीटर दूरी पर एसडीएम एवं तहसील कार्यालय होने के बावजूद, प्रोटोकॉल के तहत एसडीएम सहित राजस्व विभाग का कोई भी अधिकारी मौके पर उपस्थित नहीं रहा। इस पर विधायक ने मंच से ही नाराजगी जाहिर करते हुए अफसरशाही हावी होने का आरोप लगाया।
कार्यक्रम समाप्ति के बाद जब विधायक वापस लौट रही थीं, तब स्थानीय नागरिकों ने उन्हें रोककर सीमांकन, निवासी प्रमाण पत्र और अन्य राजस्व संबंधी लंबित समस्याओं से अवगत कराया। इसके बाद विधायक स्वयं तहसील कार्यालय पहुंचीं, जहां एसडीएम देवेंद्र प्रधान सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। इस दौरान विधायक और एसडीएम के बीच तीखी बहस हो गई।
घटना से नाराज नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने “एसडीएम हटाओ, राजपुर बचाओ” के नारे लगाए। मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने कलेक्टर बलरामपुर से चर्चा कर साफ अल्टीमेटम दिया कि 24 घंटे के भीतर एसडीएम देवेंद्र प्रधान का स्थानांतरण नहीं किया गया तो नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान जनपद अध्यक्ष विनय भगत, उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह, उपाध्यक्ष संजय सिंह, विधायक प्रतिनिधि शिवनाथ जायसवाल, भाजपा कोषाध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, सतीश सिंह, राजेश यादव, सुनील गुप्ता सहित दर्जनों नागरिक उपस्थित रहे।
देखें वीडियो

