सूरजपुर। 04 मई। एसईसीएल(SECL) के सेवानिवृत्त कर्मचारी की पत्नी का अपहरण(kidnapping) कर 22 लाख की फिरौती मांगने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता पाई है मामले का मुख्य आरोपी घर का पुराना वाहन चालक है जिसे एसईसीएल कर्मी के सेवानिवृत्त होने पर बड़ी रकम मिलने की जानकारी थी। पुलिस द्वारा आरोपियों की खोजबीन शुरू करने पर आरोपियों ने डरकर महिला को सूरजपुर बाईपास मार्ग पर छोड़ दिया था और फरार हो गए थे। इस मामले में एक आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार 30 अप्रैल को सूरजपुर थाना क्षेत्र के एक सेवानिवृत्त एसईसीएल कर्मचारी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 29 अप्रैल को अपने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को बनवाने के लिए अम्बिकापुर आया था घर पर उसकी पत्नी अकेली थी दोपहर में 1 बजे पत्नी से बात हुई थी पर 3.30 बजे दोपहर में जब वह अपने घर पहुंचा तो पत्नी घर पर नहीं थी। काफी खोजबीन के बाद भी नहीं मिली उसी दौरान करीब 3.50 बजे पत्नी के मोबाईल से उन्हें फोन आया जिसपर किसी अज्ञात व्यक्ति ने पत्नी को सही सलामत चाहने पर 22 लाख रूपये की मांग की। फिरौती की नियत से अपहरण मामलेे में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मामले की सूचना पर डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने इसे गंभीरता से लेते हुए महिला को सुरक्षित बरामद करने और आरोपियों को पकड़ने के लिए तीन टीमों का गठन किया। पुलिस टीमों द्वारा तलाश शुरू कर पेट्रोलिंग शुरू की गई। इसी बीच अपहरणकर्ताओं द्वारा दुबारा फोन करने पर प्रार्थी ने उन्हें मामले की शिकायत थाने में करने की जानकारी दे दी जिससे आरोपी डर गए।
पकड़े जाने के डर और पुलिस के पेट्रोलिंग व खोजबीन को देखते हुए अपहरणकर्ताओं ने महिला को ग्राम डुमरिया से पीढ़ा होते हुए पर्री से चंदरपुर जाने वाले बाईपास रोड़ पर ले जाकर घायल अवस्था में छोड़ दिया और पीड़िता को ढकने में प्रयुक्त कंबल, बांधने वाला रस्सी, मुह में लगा टेप निकालकर वहीं जला दिए और वहां से चले गए। वहां से महिला पास के एक घर गई और अपने पति को मामले की सूचना दी जिसपर पुलिस टीम और पीड़िता का पति वहां पहुंचे। पीड़िता को घायल अवस्था में देख पुलिस उसे फौरन उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सूरजपुर में भर्ती कराया।
भारत का सबसे बड़ा प्राइवेट सैटेलाइट ‘दृष्टि’ लॉन्च:ऑप्टिकल और रडार दोनों से फोटो ले सकता है
पुलिस टीम ने इसी बीच रौशन देवांगन को दबिश देकर मानपुर से पकड़ा। पूछताछ में उसने बताया कि वह प्रार्थी के वाहन को 18 माह तक चलाया था जिस कारण वह जानता था कि प्रार्थी एसईसीएल से रिटायर्ड हुआ है और उसे काफी पैसा मिला है। पैसे की लालच में आकर अपने साथियों के साथ मिलकर अपहरण की योजना बनाया और अपने साथी शेख इशू व 1 अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर प्रार्थी के घर जाकर उसकी पत्नी से बातचीत कर पीने के लिए पानी मांगे इसके कुछ देर बाद अपहृता को पकड़कर घर के अंदर ले गए और योजनानुसार उसके मंुह-आंख में टेप लगा दिए और हाथ पैर बांध दिए और मोटर सायकल में बैठाकर रौशन के टायर पंचर दुकान डुमरिया ले गए और अपहृता के मोबाईल को लेकर ग्राम रूनियाडीह जाकर प्रार्थी को फोन कर 22 लाख रूपये की फिरौती की मांग किए और मोबाईल बंद कर दिए थे। इसी बीच रौशन देवांगन के पकड़े जाने की सूचना पर आरोपी शेख इशू बिलासपुर की तरफ भागने लगा जिसे केतका में घेराबंदी कर पकड़ा गया।
मामले में आरोपी रौशन देवांगन पिता रामचरण देवांगन’ उम्र 21 वर्ष निवासी महुआपारा थाना सूरजपुर व शेख इशू पिता शेख इसराईल खान’ उम्र 23 वर्ष निवासी शांतीगली मस्जिदपारा थाना सूरजपुर की निशानदेही पर अपहृता का मोबाईल, रस्सी, टेप व कंबल का जला राख, घटना में प्रयुक्त 1 मोटर सायकल, 1 स्कूटी व आरोपियों का 2 नग मोबाईल जप्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में फरार 1 अन्य आरोपी की पतासाजी की जा रही है। कार्रवाई में सीएसपी बेनार्ड कुजूर, एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सूरजपुर विमलेश दुबे, एसआई एस.आर.भगत, संदीप सिंह, एएसआई सुनील सिंह, आरक्षक रविराज पाण्डेय व रामप्रसाद साहू सक्रिय रहे।


