अम्बिकापुर। 24 नवम्बर।
शहर में हो रहे सड़क निर्माण कार्य में घटिया कार्य होने के लग रहे आरोपों के बीच बीती रात नवापारा चौक में हो रहे निर्माण कार्य को गलत तरीके से करने की सूचना मिलने के बाद पूर्व महापौर डॉ0 अजय तिर्की द्वारा वहां पहुंचकर रूकवा दिया गया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को ठीक से कार्य ना करने के लिए फटकारा तथा कार्य में भेदभाव करने का आरोप लगाया।
विदित हो कि शहर की कई सड़कों के डामरीकरण का कार्य इन दिनों चल रहा है करोड़ों की लागत से हो रहे निर्माण कार्य में घटिया स्तर का काम होने को लेकर पिछले दिनों सत्तीपारा में स्थानीय नागरिकों ने जमकर हंगामा किया था। इसके बाद से सड़क की स्थिति में कुछ सुधार दिखाई दिया था वहीं राष्ट्रपति के अम्बिकापुर आगमन पर प्रशासन द्वारा आनन-फानन में कुछ सड़कों का रातोंरात निर्माण करा दिया गया था वहीं लम्बे समय से घटिया सड़कों के पुर्ननिर्माण अथवा पेंच रिपेयरिंग करने की मांग को लेकर नागरिकों द्वारा किये जा रहे विरोध प्रदर्शन के बाद भी शहर के मुख्य मार्गों का निर्माण कछुए की गति से हो रहा है जिसे लेकर लोग निगम प्रशासन तथा सरकार के प्रति सोशल मीडिया में गुस्सा जाहिर कर रहे हैं।
इन निर्माण कार्यों के दौरान कल रात को पूर्व पार्षद करताराम गुप्ता की गली से होते हुए सड़क डामरीकरण का कार्य ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा था आरोप है कि इस निर्माण में ठेकेदार द्वारा निर्धारित सड़क की चौड़ाई से कम में डामरीकरण किया जा रहा था तथा नवापारा चौक आते-आते डामरीकरण कार्य का स्तर भी गिरता जा रहा था।
इसकी जानकारी मिलने पर पूर्व महापौर डॉ0 अजय तिर्की नवापारा चौक पहुंचे और उन्होंने गलत तरीके से डामरीकरण करने का आरोप लगाते हुए सड़क निर्माण कार्य को बंद करने के लिए वहां मौजूद कर्मचारियों व निगम के इंजीनियर को कहा। इस दौरान उनके द्वारा कर्मचारियों तथा निगम इंजीनियर को गलत तरीके से निर्माण करने को लेकर फटकार भी लगाई गई। इस निर्माण कार्य को लेकर पूर्व महापौर डॉ0 अजय तिर्की काफी नाराज भी थे।
कार्यस्थल पर ही पूर्व महापौर डॉ0 अजय तिर्की द्वारा निर्माण कार्य के घटिया होने की बात कहते हुए ठेकेदार पर निर्धारित सड़क की चौड़ाई से कम में डामरीकरण करते हुए केवल वर्तमान जनप्रतिनिधियों के लिए ही मार्ग बनाने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आदिवासी बाहुल्य नवापारा क्षेत्र के साथ निगम द्वारा पक्षपात करते हुए निर्धारित क्षेत्रफल से कम में निर्माण किया जा रहा है। उन्होनें कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई जिसके बाद वहां काम बंद हुआ।
महपौर व मंत्री से की गुणवत्तापूर्ण कार्य की मांग
नवापारा चौक पर सड़क निर्माण कार्य रूकवाने के दौरान काफी गुस्से में दिख रहे डॉ0 अजय तिर्की ने वर्तमान महापौर मंजूषा भगत तथा अम्बिकापुर विधायक व प्रदेश सरकार में मंत्री राजेश अग्रवाल से भी सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर ध्यान देने की मांग की तथा कहा कि इसी मार्ग से शहर के आम लोगों का भी आना-जाना होता है ऐसे में निर्माण कार्य को ठीक ढंग से कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगर सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता नहीं सुधरी तो वे तथा कांग्रेसजन घटिया सड़क निर्माण नहीं होने देंगें।
वहां सड़क का निर्माण नहीं बल्कि पेंच रिपेयरिंग हो रहा था यह बात पूर्व महापौर को पता होनी चाहिए। मोबाईल के माध्यम से जानकारी मिलने पर मैं भी वहां गई थी वहां निर्माण कार्य सही पाया गया। डॉ0 अजय तिर्की को अगर कोई शिकायत थी तो मुझे या निगम आयुक्त को बता सकते थे। इस प्रकार कर्मचारियों को डांटना-फटकारना ठीक बात नहीं है।
मंजूषा भगत
महापौर, अम्बिकापुर
आकाशवाणी चौक की ओर से हो रहा निर्माण ठीक था जिसपर मैने लम्बे समय बाद काम होने की बात भी पूर्व में अधिकारियों को कही थी परन्तु कल रात को गलत तरीके से सड़क की आधी चौड़ाई को छोड़कर निर्माण किया जा रहा था। कर्मचारियों ने सीलकोट करने की जानकारी दी थी जिसपर मैने मार्ग की ठीक से सफाई कर पूरी चौड़ाई को लेकर सीलकोट करने के लिए कहा था इसके बाद भी कर्मचारियों द्वारा ठीक ढंग से कार्य नहीं करने पर उन्हें फटकार लगाई थी।
डॉ0 अजय तिर्की
पूर्व महापौर, अम्बिकापुर


